Research in Sports & Physical Education (खेल एवं शारीरिक शिक्षा में अनुसंधान) आज के युग में अध्ययन के सबसे बड़े क्षेत्रों में से एक है।
परिचय (Introduction)
प्रकृति रहस्यों से भरी पड़ी है और जिज्ञासु होना मनुष्य का प्राकृतिक गुण होता है। मनुष्य की जिज्ञासु होने की प्रवृत्ति उसे उन रहस्यों के बारे में जानने को प्रेरित करती रहती है।
मनुष्य के रहस्योद्घाटन करने की चेष्टाओं के फलस्वरूप ही कई खोज, अन्वेषण और आविष्कार हो गए। लेकिन मनुष्य की और अधिक जानने की इच्छा कभी खत्म नहीं होती। और वह स्थापित किये जा चुके तत्थ्यों, ज्ञान, सिद्धांतो और आविष्कारों का पुनः पुनः सूक्ष्म निरीक्षण, परीक्षण व शोधन करता रहता है और नए अर्थ एवं निष्कर्ष निकालता रहता है।
सत्यापित तथ्यों, सिद्धांतों और आविष्कारों की सत्यता को बार-बार जांचकर नए निष्कर्षों तक पहुंचने की प्रक्रिया को ‘शोध’, ‘अनुसंधान’, या ‘Research’ कहा जाता है। इसमें सूक्ष्म निरीक्षण, परीक्षण और अध्ययन शामिल होते हैं।
जीवन का कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जो अनुसंधान से अछूता है, चाहे वे प्राकृतिक दशाएं हो, सामाजिक संबंध हो, तकनीकी ज्ञान हो अथवा खेल हो, मनुष्य इनसे संबंधित उपलब्ध ज्ञान एवं प्रचलित पुराने सिद्धांतों की सत्यता का परीक्षण एवं सत्यापन करता रहता है। और इस आधार पर नये सिद्धांतों का निर्माण करता है।
पहले से उपलब्ध ज्ञान, तकनीक एवं सिद्धान्तों की सत्यता का परीक्षण करने को ही अनुसन्धान (शोध) कहते हैं।
हिंदी में शोध शब्द का अर्थ किसी वस्तु का शोधन करना और उसे और अधिक परिष्कृत करना होता है।
अनुसंधान शब्द दो शब्दों अनु + संधान से मिल कर बना है जिसका का शाब्दिक अर्थ बार-बार अन्वेषण अथवा खोजना होता है।
और Research शब्द अंग्रेजी के Re + Search शब्दों से मिल कर बना है जिसका अर्थ होता है दुबारा से खोजना
- शोध, अनुसन्धान अथवा Research विशुद्ध रूप से एक वैज्ञानिक प्रक्रिया होती है जिसमें प्रत्येक निष्कर्ष अथवा सिंद्धान्त को स्वीकार एवं मान्यता प्रदान करने से पहले उसका गहन निरीक्षण एवं परीक्षण किया जाता है।
- मनुष्य की जिज्ञासा एवं अनुसंधान करने की प्रवृत्ति ही वह विलक्षण गुण है जिसके कारण मनुष्य में इतनी प्रगति कर ली है। मनुष्य का अपने पुराने ज्ञान का बार-बार परीक्षण करना तथा उसके आधार पर नए तथ्यों के पता लगाना तथा नए सिद्धांतों के निर्माण करने की पूरी प्रक्रिया को अनुसंधान अथवा शोध कहते हैं।
- अनुसंधान सुनिश्चित और व्यावसायिक ज्ञान प्राप्त करने की प्रक्रिया होती है। जिसमें व्यवस्थित (systematic) तरीके से निरीक्षण, परीक्षण व विवेचना के द्वारा किसी समस्या के का समाधान ढूंढा जाता है।
- अनुसंधान एक विशेष क्षेत्र में ज्ञान को बढ़ावा देने और समस्याओं का समाधान निकालने की प्रक्रिया है, जिसमें तत्परता, विधिवत योजना, और वैज्ञानिक तरीके से जाँच-परीक्षा की जाती है।
- इसमें सूचना और ज्ञान के नवीन आधारों को निर्मित करने का प्रयास किया जाता है और समाज में साझा किया जाता है ताकि उससे सामाजिक या आर्थिक फायदा हो सके।
अनुसंधान, एक विशेष क्षेत्र में ज्ञान में वृद्धि करने के लिए सिद्धांत, सूचना, और तथ्यों का योजनाबद्ध और व्यावसायिक अध्ययन है। इसका मुख्य उद्देश्य नए ज्ञान को पैदा करना, समस्याओं का समाधान निकालना, और विशेष क्षेत्र में विकास की योजनाओं का समर्थन करना है। अनुसंधान विधियों का अनुप्रयोग करके, नई सूचनाएं प्राप्त होती हैं जो अनुभव, विवेचना, और प्रयोग के माध्यम से उत्पन्न होती हैं। अनुसंधान नए दृष्टिकोण, समस्याओं के नए समाधान, और विज्ञान और सामाजिक सरोकारों में सुधार का महत्वपूर्ण स्रोत है।
अनुसंधान की प्रक्रिया हर क्षेत्र में निरंतर जारी रहती है, जैसे कि विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, खेल, वाणिज्यिक अनुसंधान, मानविकी, चिकित्सा, तकनीकी, शिक्षा, और बहुत से अन्य क्षेत्रों में। अनुसंधान नए दृष्टिकोण, उपाय, और दिशा निर्देश प्रदान करके ज्ञान को निखारने का प्रयास करता है जो समस्याओं के समाधान और विकास में सहायक होता है।
Definition of Research (परिभाषाएं)
प्रचलित एवं स्थापित किये जा चुके ज्ञान, सिद्धांतो और आविष्कारों की सत्यता का बार बार सूक्ष्म निरीक्षण, परीक्षण व शोधन करके नए निष्कर्ष पर पहुंचने की संपूर्ण प्रक्रिया को शोध, अनुसन्धान अथवा Research कहा जाता है।
- अनुसंधान ज्ञान के एक संगठित निकाय की खोज और विकास की दिशा में निर्देशित एक अधिक व्यवस्थित गतिविधि है – जॉन डब्ल्यू बेस्ट
- वैज्ञानिक शोध, प्राकृतिक घटनाओं के बीच अनुमानित सम्बन्धों की खोज हेतु निर्मित परिकल्पनाओं का व्यवस्थित, नियंत्रित आनुभविक तथा आलोचनात्मक अनुसंधान है। :करलिंगर (Kerlinger, 1964, 2002)
- अनुसंधान प्रश्नों और समस्याओं का क्रमबद्ध और तार्किक तरीके से समाधान खोजने की एक व्यवस्थित खोज है – रस्क
- अनुसंधान ज्ञान को खोजने, विकसित करने और सत्यापित करने का एक प्रयास है” -जे.एफ.रनल
- नवीन ज्ञान की प्राप्ति के व्यवस्थित प्रयत्न को हम शोध कहते हैं। : रैडमैन और मोरी “द रोमांस ऑफ रिसर्च”
- अनुसंधान एक विषय या समस्या की व्यवस्थित जाँच और अध्ययन को कहा जाता है ताकि नए तथ्य, सिद्धांतों की खोज की जा सके, या मौजूदा जानकारी का विश्लेषण और व्याख्या किया जा सके। अनुसंधान का उद्देश्य विषय की गहरी समझ प्राप्त करना, समस्याओं का समाधान करना, या किसी विशेष क्षेत्र में मौजूद ज्ञान से योगदान करना होता है।
- Research in Sports & Physical Education (खेल एवं शारीरिक शिक्षा में अनुसंधान)
अन्य क्षेत्रों की तरह खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में भी अनुसंधान एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में खिलाड़ियों की क्षमता और प्रदर्शन में सुधार करने, प्रशिक्षण के तरीकों में सुधार करने, और सामान्य स्वास्थ्य की बेहतरी को बढ़ावा देने के उद्देश्यों को पूरा करने लिए अनुसंधान की प्रक्रिया निरन्तर चलती रहती है।
अनुसंधान की प्रक्रिया में विशेषज्ञ खेल मनोविज्ञान, शारीरिक संरचना, पोषण, प्रशिक्षण तकनीकों और खेल उपकरणों की गुणवत्ता की जांच-परख करते रहते हैं। इससे स्पोर्ट्स ट्रेनिंग, खेल मनोविज्ञान, बायोमैकेनिक्स, पोषण, और प्रशिक्षण तकनीकों और चोट पुनर्वास की नई चीजें सीखने का मौका मिलता है। यह अनुसंधान न केवल खिलाड़ियों को बल्कि शिक्षकों, कोचों और नीति निर्धारकों को नई बातें सीखने में मदद करता है जोकि खेल, शारीरिक शिक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपेक्षित सुधार लाने को प्रोत्साहित करता है।
शारीरिक शिक्षा में अनुसंधान की परिभाषा और अर्थ
शारीरिक शिक्षा में अनुसंधान व्यायाम, खेल, और स्वास्थ्य से संबंधित घटनाओं की व्यवस्थित जाँच है। इसमें खेल एवं शारीरिक शिक्षा से संबंधित समस्याओं को हल करने के लिए डेटा (data) का संकलन, विश्लेषण और विवेचना की जाती है जिसके आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंच जाता है।
खेलों में अनुसंधान की संपूर्ण प्रक्रिया एक व्यापक दृष्टिकोण व व्यवस्थित कार्य प्रणाली के साथ समस्या के समाधान खोजने पर केंद्रित रहती है।
शारीरिक शिक्षा और खेल में अनुसंधान की आवश्यकता और महत्व
Need and Importance of Research in Physical Education and Sports
- शिक्षण-प्रशिक्षण विधियों को सुधारना (Reforms in teaching in training techniques)
- शारीरिक शिक्षा में अनुसंधान शिक्षकों और कोचों की कार्य-प्रणाली सुधारने और प्रभावी शिक्षण विधियों को विकसित करने में मदद करता है।
- इसमें अनुसंधानकर्ता शिक्षण प्रशिक्षण की नई नई विधियां खोज कर विद्यार्थियों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन स्तर को सुधारने में योगदान करते हैं।
- स्वास्थ्य और फिटनेस में सुधार हेतु व्यायाम एवं खेल गतिविधियों का योगदान (contribution of sports activities in enhancement of health and fitness)
- जीवन को स्वस्थ और सुखी बनाने में शारीरिक एवं खेल क्रियाओं का योगदान सर्व विदित है। खेल एवं शारीरिकअभ्यास के जरिए विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं जैसे की मोटापा, कार्डियोवैस्कुलर रोग, मानसिक स्वास्थ्य विकार का निदान खोजने के इसलिए अनुसंधान कार्य लगातार जारी रहते हैं जिससे अनेकों लोग लाभान्वित होते हैं।
- खिलाड़ी प्रदर्शन में सुधार (improvement in sports performance)
- खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन के लिए कड़े प्रशिक्षण के साथ-साथ शरीर के शारीरिक, मानसिक, और बायोमैकेनिकल पहलुओं को समझना भी बहुत जरूरी हो जाता है।
- खिलाड़ी के प्रदर्शन के स्तर को बढ़ाने के लिए, चोटों के जोखिम को कम करने के लिए, नई प्रशिक्षण तकनीक विकसित करने के लिए, पोषण, रिकवरी और तनाव कम करने के लिए मनोवैज्ञानिक निदान खोजने जैसी विषयों पर निरंतर अनुसंधान चलते रहते हैं।
- नीति निर्धारण (making new policies)
- विद्यालय स्तर से लेकर राष्ट्रीय खेल संगठनों के स्तर तक खेल विकास से संबंधित नीतियों के निर्धारण में अनुसंधान का बहुत बड़ा योगदान होता है।
- इससे सुनिश्चित होता है कि शारीरिक शिक्षा के विकास के लिए निर्धारित किए जा रहे कार्यक्रम एवं नीतियां नवीनतम वैज्ञानिक अनुसंधानों के दिशा निर्देशों के अनुसार हों जिससे खेल और फिटनेस के क्षेत्र में अधिकतम उत्कृष्टता के स्तर तक पहुंचा जा सके।
- बहुपक्षीय सहयोग (multidisciplinary approach)
- खेल एवं शारीरिक शिक्षा का क्षेत्र एक बहुआयामी क्षेत्र होता है जिसमें अनेक विषयों में चल रहे अनुसंधानों से प्राप्त ज्ञान का उपयोग किया जाता है।
- जैसे मनोविज्ञान, बायो मैकेनिक्स, पोषण, आदि जैसे विषयों में चल रह शोध कार्यों से प्राप्त ज्ञान का प्रयोग खिलाड़ी के प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावशाली बनाने में होता है।
- नवीन तकनीक एवं प्रौद्योगिकी से लाभ लेना (use of technological advancement)
- तकनीकी प्रगति शारीरिक शिक्षा में अनुसंधान करने के नए रास्ते खोलती है।
- वर्तमान में इस प्रकार के कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध है जिन्हें शरीर पर पहना जा सकता है और उनसे खेल अभ्यास के दौरान शरीर में हो रहे आंतरिक परिवर्तन जैसे हृदय गति, ब्लड प्रेशर को निरन्तर मापा जा सकता है, जो कि शोधकर्ताओं को शारीरिक क्षमताओं और स्वास्थ्य पर सटीक और विस्तृत डेटा एकत्र करने का साधन प्रदान करते हैं।
शारीरिक शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में अनुसंधान के क्षेत्र (Scope of Research in Physical Education):
1. खेल प्रशिक्षण के नये तरीकों का विकास (Development of New Methods of Sports Training)
2. खेल प्रशिक्षण में नवीन प्रौद्योगिकी का उपयोग (use of technology in sports training)
3. स्पोर्ट्स मेडिसिन, सुधारात्मक अभ्यास व नैदानिक शारीरिक अभ्यास (Sports Medicine, Corrective and Clinical Physical Exercises)
4. खेलों के पुराने नियमों की समीक्षा तथा उनमें बदलाव
5. खेल निर्णयन ( sports officiating) में नवीन प्रौद्योगिकी का प्रयोग
6. खेल उपकरणों में सुधार
7. आत्म रक्षा गतिविधियां (Self-Defense Activities)
8. खेलों का मनोरंजन हेतु महत्व (Recreational Value of sports )
9. योग क्रियाओं का खेल प्रदर्शन पर प्रभाव ( Effect of Yogic Activities on Sports Performance)
10. शारीरिक रूप से कम सक्षम लोगों के लिए खेल एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षा कार्यक्रम (Adaptive sports are competitive or recreational sports for people with disabilities.)
11. खेलों के द्वारा व्यक्तित्व का विकास (Personality Development Through Sports)
निष्कर्ष (Conclusion)
शारीरिक शिक्षा क्षेत्र में अनुसंधान स्वास्थ्य, खेल, और समग्र जीवन के विभिन्न पहलुओं की सुधार लाने के लिए अति आवश्यक है। शिक्षण विधियों को सुधारने से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं के विकास तक, शारीरिक शिक्षा एवं खील को एक संभावना से भरा हुआ समृद्धिपूर्ण क्षेत्र बनाए रखने के लिए अनुसंधान की आवश्यकता हमेशा रहेगी। जैसे ही प्रौद्योगिकी आगे बढ़ती जाएगी वैसे वैसे सामाजिक आवश्यकताएं भी बदलती जाएंगी जिससे शारीरिक शिक्षा और खेल के क्षेत्र में अनुसंधान के लिए नये क्षेत्र का विस्तार होता रहेगा.
विषय से संबंधित अन्य समाग्री निम्नलिखित Link को Click करके पढ़ सकते हैं
- Sports Psychology: Know The Basics (खेल मनोविज्ञान)
- Sports Management, Know All About It (खेल प्रबंधन)
- https://bishtedition.com/motivation-prime-catalyst-to-excel-in-any-field-of-life/
- https://bishtedition.com/adapted-physical-education/